ताइक्वांडो खिलाड़ियों का सम्मान, राज्य मंत्री राधा सिंह ने बढ़ाया उत्साह
पुरस्कार वितरित कर कहा- युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का बढ़ाएं गौरव

सिंगरौली। राज्य मंत्री राधा सिंह ने रविवार को विंध्यनगर रोड, बैढ़न स्थित अंदलीव होटल में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता के प्रतिभावान खिलाड़ियों के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होकर विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। ताइक्वांडो जैसे खेल न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि मानसिक दृढ़ता और आत्मरक्षा की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का समर्पण, मेहनत और खेल भावना उन्हें भविष्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए कहा कि पराजय और विजय दोनों ही खेल का हिस्सा हैं। निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।
राज्य मंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि जिले के युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सिंगरौली, मध्यप्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करें। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों एवं खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही। पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों ने सम्मान मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।













