Blog

शादी का झांसा देकर झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार ने महिला थाना में दर्ज एफआईआर की जांच कर खात्मा लगाने की लगाई गुहार

सिंगरौली। शादी का झांसा देने, आर्थिक शोषण करने और बाद में झूठे मामले में फंसाने के आरोपों को लेकर एक नया मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के अनपरा निवासी वीणा सिंह ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक सिंगरौली को आवेदन देकर महिला थाना में दर्ज प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उनके पुत्र को साजिश के तहत झूठे मामले में फंसाया गया है।

पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में वीणा सिंह ने बताया कि उनके पुत्र अमन कुमार सिंह का परिचय सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र निवासी एक महिला से कई वर्ष पहले हुआ था। आवेदन के अनुसार, संबंधित महिला पहले से विवाहित थी और पति से अलग रह रही थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित रूप से प्रेम संबंध स्थापित हो गए।

वीणा सिंह ने आरोप लगाया कि इस दौरान महिला द्वारा अमन कुमार सिंह से आर्थिक सहायता भी ली गई। उनका कहना है कि जब परिवार की ओर से अमन का विवाह अन्य स्थान पर तय किया गया, तो संबंधित महिला ने शादी के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि विवाह नहीं करने पर झूठे दुष्कर्म के मामले में फंसाने, परिवार को बदनाम करने और सोशल मीडिया पर छवि खराब करने की धमकियां दी गईं।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आत्महत्या की धमकी देकर मानसिक दबाव बनाया जाता रहा। उनका कहना है कि पूरे मामले की वास्तविकता सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

वीणा सिंह के अनुसार महिला थाना सिंगरौली में उनके पुत्र अमन कुमार सिंह के विरुद्ध अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज किया गया है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। यदि जांच में लगाए गए आरोप असत्य पाए जाते हैं तो प्रकरण में खात्मा लगाते हुए उनके पुत्र को दोषमुक्त किया जाए।

वहीं पुलिस स्तर पर मामले की जांच और दोनों पक्षों के आरोपों की सत्यता की पुष्टि के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button