देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

‘फिलहाल प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगी CJP’

अभिजीत दीपके बोले- युवाओं के मुद्दों पर जारी रहेगा आंदोलन

मुंबई। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा है कि उनका संगठन फिलहाल एक ‘प्रेशर ग्रुप’ के रूप में कार्य करेगा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जनदबाव बनाकर अपनी भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह बात संगठन की दो दिवसीय कोर कमेटी बैठक से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान कही।

अभिजीत दीपके ने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद संगठन से लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं। उनके अनुसार यह आंदोलन केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देशभर के युवाओं की आवाज बनकर उभरा है। इसी कारण संगठन अब आगे की रणनीति तैयार कर रहा है, ताकि विभिन्न राज्यों में युवाओं के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।

राजनीति में सक्रिय प्रवेश की संभावना पर दीपके ने कहा कि वर्तमान समय में लोगों का राजनीति, मीडिया और अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं पर भरोसा कम हुआ है। उनका मानना है कि लोकतांत्रिक संस्थाओं में विश्वास बहाल करने के लिए जनआंदोलन और जनदबाव की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में देश को मजबूत जनआंदोलन की जरूरत है और संगठन इसी दिशा में कार्य करेगा।

दीपके ने बताया कि बैठक में परिसीमन, देश की आर्थिक स्थिति और युवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी। साथ ही उन्होंने झारखंड में छात्रों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि संगठन का प्रतिनिधिमंडल वहां जाकर छात्रों से मुलाकात करेगा।

इस दौरान सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने आरोप लगाया कि संसद मार्च के दौरान संगठन के कई कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने कार्रवाई की और लाठीचार्ज में कई लोग घायल हुए। उन्होंने कहा कि कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन के अगले चरण, संगठन के विस्तार और भविष्य की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button