सिंगरौली

मलगो हाई स्कूल के प्रभारी प्राचार्य की छात्रों ने कलेक्टर से की शिकायत

नियमित कक्षाएं न लेने और गाली-गलौज करने के लगाये आरोप

 

सिंगरौली। चितरंगी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल मलगो के छात्रों ने प्रभारी प्राचार्य पर मनमानी और गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। छात्रों ने कलेक्टर सिंगरौली को ज्ञापन सौंपकर बताया कि स्कूल में नियमित कक्षाएं नहीं लगतीं और शैक्षणिक वातावरण बिल्कुल कमजोर हो गया है।
कक्षा 10वीं के छात्र अनूप कुमार ने बताया कि अंग्रेजी विषय प्रभारी प्राचार्य स्वयं पढ़ाते हैं, लेकिन वे नियमित रूप से कक्षाएं नहीं लेते। परीक्षाएं नजदीक होने के कारण छात्र अंग्रेजी की तैयारी को लेकर चिंतित हैं। वहीं, छात्रा मधु सिंह ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थितियां जस की तस बनी हुई हैं, जिससे पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ रहा है।
छात्रों का आरोप है कि प्रभारी प्राचार्य समय पर स्कूल नहीं आते, बच्चों से अभद्र भाषा में बात करते हैं तथा आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भी समय पर नहीं बांटी जाती। उन्होंने यह भी बताया कि 14 और 31 अक्टूबर को शिकायतें की गई थीं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मामले में जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह ने कहा कि शिकायत की विस्तृत जांच कर ली गई है और जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रभारी प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

Author

Related Articles

Back to top button