पर्यटन को बढ़ावा देने सुव्यवस्थित प्रयास आवश्यक – कमिश्नर बी.एस. जामोद…

पर्यटन को बढ़ावा देने संजय टाइगर रिजर्व की स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न…
पर्यटन को बढ़ावा देने सुव्यवस्थित प्रयास आवश्यक – कमिश्नर बी.एस. जामोद…
संजय सिंह मझौली
सीधी: संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में कमिश्नर रीवा संभाग बी.एस. जामोद की अध्यक्षता में स्थानीय सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम, कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिजर्व अमित कुमार दुबे सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे और पर्यटन विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कमिश्नर श्री जामोद ने कहा कि संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सुव्यवस्थित प्रयास आवश्यक हैं। पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए रिसॉर्ट्स, जिप्सी जैसी पर्यटक सुविधाओं में विस्तार किया जाए और निजी निवेशकों को भी प्रोत्साहित किया जाए। रिजर्व की विशेषताओं का प्रचार-प्रसार प्रमुख रेलवे स्टेशन, बस अड्डों तथा एयर पोर्ट पर होर्डिंग्स, सोशल मीडिया तथा गुणवत्तापूर्ण फोटो-वीडियो के माध्यम से करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पर्यटन विकास के लिए आंतरिक और बाहरी कॉरिडोर विकसित करना जरूरी है। बांधवगढ़, संजय टाइगर रिजर्व, चन्द्रेह और मुकुंदपुर सफारी को एक कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जा सकता है। जिले के भीतर भी प्रमुख पर्यटन स्थलों को चिन्हांकित कर उनके लिए कॉरिडोर विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। कमिश्नर ने यह भी कहा कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देते समय स्थानीय रोजगार को भी प्राथमिकता दी जाए तथा स्थानीय लोगों को आवश्यक कौशल प्रदान कर उन्हें पर्यटन गतिविधियों से जोड़ा जाए।
विधायक धौहनी कुंवर सिंह टेकाम ने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। इसके लिए कनेक्टिविटी बढ़ाना और व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। उन्होंने क्षेत्र में होम स्टे को बढ़ावा देने पर बल दिया ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। साथ ही उन्होंने संजय दुबरी टाइगर रिजर्व का नाम मोहन टाइगर रिजर्व करने का प्रस्ताव भेजने की बात कही। विधायक ने देवरी बांध, बरचर बांध और गुलाब सागर में वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों को बढ़ावा देने का सुझाव भी दिया।
बड़का डोल बफर क्षेत्र में नाइट सफारी प्रारंभ होगी
क्षेत्र संचालक अमित कुमार दुबे ने संजय टाइगर रिजर्व की पर्यटन संभावनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि यहां पर्यटकों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। वर्ष 2023-24 में 6,400 से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 9,120 पर्यटक यहां भ्रमण करने आए। उन्होंने बताया कि संजय टाइगर रिजर्व में पर्यटकों को बाघ दिखने का प्रतिशत 70 से अधिक है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इस वर्ष से बड़का डोल बफर क्षेत्र में नाइट सफारी प्रारंभ होगी तथा बड़का डोल कोर के साथ- साथ नेबुहा कोर में भी टाइगर सफारी शुरू की जाएगी।
बैठक में समिति के सदस्य चंद्रमोहन गुप्ता, संतोष सिंह, डॉ. कैलाश तिवारी, राजेंद्र प्रसाद द्विवेदी (प्रबंधक परिसिली रिसॉर्ट), सरपंच दुबरी रानी सिंह और डॉ. अभय सेंगर (वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी) ने भी महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में उपखंड अधिकारी जयसिंह नगर काजोल सिंह (आईएएस), उपखंड अधिकारी मझौली आर.पी. त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर प्रियल सिंह राठौर, एसडीओ फारेस्ट बादशाह रावत सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।













