उतर प्रदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

झांसी में भीषण सड़क हादसा: अतीक अहमद के बेटे आबान समेत दो की मौत, जेल में बंद भाई से मिलने जा रहे थे परिजन

तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई, तीन लोग गंभीर घायल

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद और सोनू खान की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने के लिए प्रयागराज से रवाना हुए थे।

डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हुई कार

जानकारी के अनुसार प्रयागराज के फाफामऊ निवासी अहजम, मोहम्मद जैद, उमर, आबान अहमद और सोनू खान कार से झांसी जा रहे थे। जब वाहन झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हाईवे पर पहुंचा, तभी तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आबान अहमद और सोनू खान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं अहजम, मोहम्मद जैद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पूंछ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार के चलते वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि अली अहमद को अक्टूबर 2025 में प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। परिजन उसी से मुलाकात करने के लिए झांसी जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दे दिया।

Author

Related Articles

Back to top button