बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपाल

एमपी कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, सभी विभाग और प्रकोष्ठ भंग

दिल्ली बैठक के बाद लिया फैसला, नए सिरे से होगा संगठन का गठन

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। दिल्ली में पार्टी आलाकमान के साथ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बैठक के बाद प्रदेश कांग्रेस के सभी विभाग, प्रकोष्ठ और उनकी जिला एवं ब्लॉक स्तर की इकाइयों को भंग कर दिया गया है। यह कदम संगठन सृजन अभियान के तहत उठाया गया है। अब पार्टी प्रदेश में नए सिरे से संगठनात्मक ढांचे का निर्माण करेगी।

ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

कांग्रेस अब संगठन में सक्रिय, समर्पित और जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देने की तैयारी में है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए यह बदलाव किया जा रहा है। दतिया उपचुनाव के परिणामों से उत्साहित कांग्रेस अब प्रदेश में नए चेहरों को आगे बढ़ाने की रणनीति पर काम कर रही है।

जिला अध्यक्षों की तैयार हुई रिपोर्ट

प्रदेश कांग्रेस ने जिला स्तर पर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा शुरू कर दी है। पिछले वर्ष नियुक्त किए गए जिला अध्यक्षों को पार्टी द्वारा समय-समय पर विभिन्न जिम्मेदारियां और टास्क दिए गए थे। इनकी कार्यप्रणाली, आंदोलन, स्थानीय मुद्दों पर सक्रियता और संगठन विस्तार की रिपोर्ट तैयार की गई है।

रिपोर्ट के आधार पर जिला अध्यक्षों को ए, बी, सी और डी श्रेणी में बांटा गया है। इनमें कमजोर प्रदर्शन करने वाले डी श्रेणी के जिला अध्यक्षों पर जल्द बदलाव की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं बी और सी श्रेणी के पदाधिकारियों को संगठनात्मक गतिविधियों में सुधार लाने के निर्देश दिए जाएंगे।

नई कार्यकारिणी के गठन की तैयारी

सभी विभागों और प्रकोष्ठों को भंग करने के बाद अब प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी में भी बदलाव की संभावना बढ़ गई है। जल्द ही नई कार्यकारिणी का गठन किया जा सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से पार्टी को नए सिरे से मजबूत किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नए संगठन में ऐसे कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो लगातार जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। कांग्रेस के इस फैसले के बाद प्रदेश में नए पदों और जिम्मेदारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो गई है।

Author

Related Articles

Back to top button