माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में पीटीआई एवं संगीत शिक्षक के लिए आवेदन आमंत्रित
सिंगरौली/जनजातीय कार्य विभाग एवं मध्यप्रदेश स्पेशल एंड रेसिडेंशियल एकेडमिक, भोपाल द्वारा संचालित माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, गड़ेरिया में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। शासन के निर्देशानुसार रिक्त पदों के विरुद्ध योग्य एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।प्राचार्य ने बताया कि परिसर में पीटीआई वर्ग-02 का एक पद तथा संगीत शिक्षक वर्ग-02 का एक पद रिक्त है। इन पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक, प्रशिक्षित तथा शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नवीन स्कोर कार्ड रखने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। पीटीआई पद पर महिला अभ्यर्थियों को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी।
इच्छुक अभ्यर्थी 3 अगस्त 2026 से आगामी 7 कार्य दिवसों के भीतर कार्यालयीन समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक परिसर कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर आवेदन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित छायाप्रतियां संलग्न करना अनिवार्य होगा।प्राचार्य ने बताया कि यह नियुक्ति पूर्णतः अस्थायी होगी तथा चयनित अतिथि शिक्षकों को शासन द्वारा निर्धारित मानदेय का भुगतान किया जाएगा। परिसर में नियमित शिक्षकों की पदस्थापना होने पर अतिथि शिक्षकों की सेवाएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी। अभ्यर्थियों का चयन शाला प्रबंधन एवं विकास समिति तथा जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा, जिसका निर्णय अंतिम एवं मान्य होगा।












