सिहावल विधायक ने पीएम को लिखा पत्र, चार बड़े विकास कार्यों की मांग

सिंगरौली। सिहावल विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-78 के विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रधानमंत्री को पत्र भेजकर सीधी और सिंगरौली जिले के लिए चार महत्वपूर्ण विकास कार्यों की स्वीकृति की मांग की है। विधायक ने 2 अगस्त 2026 को भेजे पत्र में कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आर्थिक, शैक्षणिक, कृषि और सामाजिक विकास को गति मिलेगी।
विधायक ने सीधी जिले के ग्राम बांकी से बघोर के बीच सीमेंट फैक्ट्री अथवा अन्य बड़े उद्योग की स्थापना की मांग की। उन्होंने क्षेत्र में उपलब्ध शासकीय भूमि, जल संसाधन, चूना पत्थर के भंडार और बेहतर परिवहन सुविधाओं को उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल बताया।
इसके अलावा बांकी-ब्योहारखांड़ तथा सिंगरौली के जियावन-अकौरी क्षेत्र में गौधाम गौ संरक्षण केंद्र स्थापित करने की मांग की गई है। विधायक ने प्रत्येक ग्राम पंचायत में दो चरवाहों की नियुक्ति और उनके पारिश्रमिक की व्यवस्था करने की नीति बनाने का सुझाव भी दिया।
पत्र में देवसर में केंद्रीय विद्यालय और कृषि महाविद्यालय खोलने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई है। विधायक के अनुसार केंद्रीय विद्यालय से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और कृषि महाविद्यालय से युवाओं व किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों का लाभ मिलेगा।
विधायक विश्वामित्र पाठक ने प्रधानमंत्री से जनहित में इन प्रस्तावों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन से दोनों जिलों के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।













