देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

बांग्लादेश में डेंगू का कहर, 59 लोगों की मौत

इस साल 17,880 मामले सामने आए, ढाका बना सबसे बड़ा हॉटस्पॉट; अगस्त-सितंबर में बढ़ सकता है प्रकोप

ढाका। बांग्लादेश में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। स्वास्थ्य महानिदेशालय (डीजीएचएस) के आंकड़ों के अनुसार इस साल अब तक डेंगू के 17,880 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि बीमारी से 59 लोगों की मौत हो गई है। सबसे अधिक प्रभावित ढाका डिवीजन है, जहां 6,871 मामले दर्ज किए गए हैं।

आंकड़ों के मुताबिक बारिशाल में 3,647, चटगांव में 3,082 और खुलना में 2,272 मामले सामने आए हैं। मौतों के मामले में भी ढाका सबसे आगे है। खुलना में 12, चटगांव में सात और मैमनसिंह में छह लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।

विशेषज्ञों के मुताबिक लगातार बारिश, गर्म मौसम, अधिक आबादी और जगह-जगह जमा पानी एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रहे हैं। इससे डेंगू का संक्रमण तेजी से फैल रहा है।

विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि अगस्त और सितंबर में डेंगू के मामले और बढ़ सकते हैं। उन्होंने मच्छर नियंत्रण अभियान को डेंगू का प्रकोप बढ़ने के बाद तेज करने के बजाय पहले से प्रभावी बनाने की जरूरत बताई है।

विशेषज्ञों ने देश में केंद्रीकृत एवं समन्वित मच्छर नियंत्रण व्यवस्था विकसित करने और विशेषज्ञों की निगरानी में राष्ट्रीय स्तर पर वेक्टर नियंत्रण अभियान चलाने की आवश्यकता जताई है। उन्होंने चेताया कि प्रभावी नियंत्रण व्यवस्था नहीं बनने पर डेंगू का प्रकोप लगातार गंभीर बना रह सकता है।

Author

Related Articles

Back to top button