अखिलेश का योगी सरकार पर तंज, बोले- जनता माफ करने के मूड में नहीं
लखनऊ अग्निकांड का हवाला देकर सपा प्रमुख ने साधा निशाना, सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- ‘अलविदा’

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ अग्निकांड में बच्चे को खोने वाली एक मां के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तीखी टिप्पणी की।
अखिलेश यादव ने लिखा, “बेसुध को सब माफ!” उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मां ने अपना बच्चा खोया हो, उसके साथ कैमरे के सामने बदजुबानी और दुर्व्यवहार किया जा सकता है, तो ऐसे लोगों से सद्वचन और सद्व्यवहार की उम्मीद करना व्यर्थ है।
सपा प्रमुख ने कहा कि व्यक्ति को अपने पद की गरिमा का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वाणी में सरस्वती का वास होता है, लेकिन संबंधित लोग न परलोक की मां का सम्मान करना जानते हैं और न इहलोक की मां का।
अखिलेश ने आगे लिखा कि उन्होंने ऐसे लोगों को मन से माफ कर दिया है, क्योंकि वे किसी और के प्रभाव में हैं। उन्होंने कहा कि जाते हुए लोगों से अब क्या शिकवा और शिकायत।
अपने पोस्ट के अंत में सपा प्रमुख ने लिखा, “जनता इन्हें माफ करने के मूड में नहीं है। अलविदा।” अखिलेश के इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।













