हर्रा चंदेल पहुंचे अपेक्स बैंक चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद
75 वर्षीय महिला ने बताई वृद्धा पेंशन नहीं मिलने की समस्या, चेयरमैन ने समाधान का दिया भरोसा

सिंगरौली। मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) के चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्रा चंदेल पहुंचे, जहां स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं, किसानों की जरूरतों और विकास कार्यों से जुड़े विषयों पर चर्चा की।
संवाद कार्यक्रम के दौरान एक 75 वर्षीय वृद्ध महिला ने अपनी समस्या रखते हुए बताया कि उसे लंबे समय से वृद्धा पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है। महिला की समस्या सुनकर महेंद्र सिंह यादव ने तत्काल पेंशन दिलाने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पंचायत स्तर पर केवाईसी संबंधी प्रक्रिया का भी उल्लेख किया गया।
ग्रामीणों से चर्चा करते हुए अपेक्स बैंक चेयरमैन ने कहा कि सरकार किसानों और आमजन के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। डिफाल्टर किसानों को भी खेती-किसानी के लिए ऋण उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार प्रयास कर रही है, ताकि आर्थिक परेशानियों के कारण कृषि कार्य प्रभावित न हों।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं को उनके समक्ष रखा। महेंद्र सिंह यादव ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए विकास कार्यों को लेकर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।
जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार आमजन और किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
इस अवसर पर भाजपा जिला कार्य समिति सदस्य सुरेश कांत द्विवेदी, जिला महामंत्री एससी मोर्चा रंगलाल प्रजापति, जिला मंत्री ओबीसी मोर्चा अर्जुन यादव, सरपंच पति बबुआराम यादव, मंडल अध्यक्ष ओबीसी मोर्चा दुर्गा यादव, मंडल अध्यक्ष किसान मोर्चा रामाश्रय विश्वकर्मा, संजय पाठक, केशव शुक्ला, राज बब्बर गुप्ता, गंगा साहू, मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।













