बंधौरा पुलिस ने पकड़ा मोटर साइकिल चोर, चोरी की बाइक बरामद

सिंगरौली। थाना माड़ा अंतर्गत पुलिस चौकी बंधौरा की टीम ने मोटर साइकिल चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 40 हजार रुपये कीमत की मोटर साइकिल जब्त की है।
पुलिस के अनुसार फरियादी महेंद्र कुमार साकेत पिता बाबूलाल साकेत निवासी ग्राम नगवां, चौकी बंधौरा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अदाणी कंपनी में मैनेजमेंट का कार्य करता है। 28 जुलाई 2026 को वह अपनी मोटर साइकिल अदाणी गेट क्रमांक-3 के पास खड़ी कर काम करने चला गया था। काम समाप्त होने के बाद वापस आने पर उसकी मोटर साइकिल मौके से गायब मिली।
फरियादी की रिपोर्ट पर पुलिस ने थाना माड़ा में अपराध क्रमांक 549/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी रोहित कुमार पिता रामलाल साकेत उम्र करीब 21 वर्ष निवासी ग्राम सोहागी चौकी बंधौरा थाना माड़ा को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटर साइकिल बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की।कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं एसडीओपी सिंगरौली (पु.) रोशनी कुर्मी के मार्गदर्शन तथा चौकी प्रभारी बंधौरा संदीप नामदेव के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक राजवर्धन सिंह, पंकज सिंह चंदेल, प्रधान आरक्षक राकेश विश्वकर्मा, मनीष शुक्ला, आरक्षक शिवेंद्र सिंह, अनीश सिंह एवं दिलीप धाकड़ की सराहनीय भूमिका रही।













