क्लास में बच्चों को गलत सीख देने का आरोप, पीएमश्री स्कूल की शिक्षिका निलंबित
छात्रों और अभिभावकों की शिकायत पर शिक्षा विभाग की कार्रवाई, जांच में आरोप सही पाए जाने का दावा

जबलपुर। छिंदवाड़ा जिले के कुंडाली कला स्थित पीएमश्री शासकीय स्कूल में पदस्थ महिला शिक्षिका पर छात्र-छात्राओं को आपत्तिजनक बातें सिखाने के आरोप के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बच्चों और अभिभावकों की शिकायत के आधार पर जबलपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग ने शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल की कक्षा छठवीं के विद्यार्थियों ने प्राचार्य दिनेश शर्मा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि संबंधित शिक्षिका कक्षा में पढ़ाई के बजाय अनुचित बातें करती हैं और आपत्तिजनक टिप्पणियां करती हैं। विद्यार्थियों का आरोप था कि शिक्षिका द्वारा उन्हें पढ़ाई के महत्व के बजाय अन्य बातों के लिए प्रेरित किया जाता था।
छात्रों की शिकायत के बाद अभिभावक भी स्कूल पहुंचे और मामले की जानकारी प्राचार्य को दी। प्राचार्य ने शिक्षिका को नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी को भेजी गई।
प्रारंभिक जांच में शिकायतों को सही पाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए शिक्षिका को निलंबित कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की आगे भी जांच की जा रही है।
वहीं, निलंबित शिक्षिका ने अपने ऊपर लगे आरोपों को निराधार बताते हुए इसे साजिश बताया है। उनका कहना है कि कुछ शिक्षकों द्वारा बच्चों को प्रभावित कर उनके खिलाफ शिकायत कराई गई है।
फिलहाल शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।













