बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

गोपी की तलाश में परिवार ने छोड़ा खाना, तोता लापता होने पर 10 हजार का इनाम घोषित

शहडोल में पालतू तोते के गायब होने से घर में छाया मातम, वापसी तक व्रत रखने का फैसला

शहडोल। जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में एक पालतू तोते के लापता होने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। बाणगंगा मेला मैदान के पास रहने वाले पूर्व सैनिक चंदन मिश्रा का प्रिय तोता ‘गोपी’ शनिवार दोपहर बच्चों के साथ खेलते समय अचानक उड़ गया और फिर वापस नहीं लौटा। इसके बाद से परिवार के सदस्य लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं।

परिवार ने गोपी को खोजने के लिए सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी करते हुए 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। चंदन मिश्रा ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले वे अमरकंटक से इस तोते को घर लाए थे। बचपन से पालने के कारण गोपी परिवार का सदस्य बन चुका था। वह घर के लोगों के साथ घुल-मिल गया था और सभी का चहेता था।

परिजनों के अनुसार गोपी हरे रंग का तोता है, जिसकी गर्दन पर काली रिंग बनी हुई है। वह घर के सदस्यों की आवाज पहचानता है और उनके साथ काफी समय बिताता था। उसके अचानक गायब हो जाने से बच्चों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिवार ने भावनात्मक रूप से जुड़ाव का परिचय देते हुए गोपी के मिलने तक व्रत रखने का निर्णय लिया है। साथ ही एक पुजारी से भी संपर्क किया गया है। यदि तोता जल्द नहीं मिला तो सोमवार को विशेष हवन-पूजन कराने की तैयारी की जा रही है।

चंदन मिश्रा ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को गोपी दिखाई दे या वह किसी के पास पहुंचे तो उसे सुरक्षित रखें और तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि गोपी को सुरक्षित वापस लाने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। परिवार को उम्मीद है कि उनका प्रिय साथी जल्द वापस घर लौट आएगा।

Author

Related Articles

Back to top button