बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब, भारत माता के जयघोष से गूंजा निवास

तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है- कुवर सिंह टेकाम

सिंगरौली,/ स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को देवसर विकासखंड के मंडल निवास में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम की अगुवाई में निकली तिरंगा यात्रा में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारी-कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में लहराते तिरंगे और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘घर-घर तिरंगा’ के नारों से पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। तिरंगा यात्रा निगरी जगत चौराहे से प्रारंभ होकर निवास यूनियन बैंक मेन रोड होते हुए शासकीय प्राथमिक शाला पापल पहुंची, जहां यात्रा का भव्य समापन हुआ। यात्रा में बाबा विश्वनाथ इंटरनेशनल स्कूल सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। तिरंगा लेकर सड़कों पर निकले नौनिहालों में देशभक्ति का गजब का उत्साह देखने को मिला।

यात्रा के दौरान धौहनी विधायक श्री कुंवर सिंह टेकाम एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों एवं नागरिकों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और भारत माता के जयघोष से गुंजायमान रहा। समापन अवसर पर धौहनी विधायक ने कहा कि तिरंगा केवल भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह हमारी एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की पहचान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए प्रत्येक परिवार से अपने घर पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति के इस महापर्व में सहभागी बनने की अपील की। एसडीएम देवसर श्री सौरभ मिश्रा ने कहा कि निवास में आयोजित तिरंगा यात्रा महज एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, जनभागीदारी और देश के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है।

 

तिरंगे के साथ उमड़ा जनसैलाब इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति की भावना पूरी शिद्दत के साथ विद्यमान है। उन्होंने तिरंगा यात्रा में सहभागी सभी नागरिकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। तिरंगा यात्रा में तहसीलदार सरई श्री धर्म प्रकाश मिश्रा, थाना प्रभारी सरई श्री मोतीलाल प्रजापति, श्री द्रोपदी सिंह, श्री युवराज सिंह, श्री जय प्रकाश साहू, श्री राकेश सोनी, श्री दिलीप जायसवाल, श्री भैयालाल साहू, श्री जीवधन साहू सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, निगरी चौकी एवं निवास चौकी प्रभारी, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मातृशक्ति उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button