स्टेज शुद्धिकरण पर नड्डा बोले- खड़गे ने जो कहा वह दुखद, मामले की होगी जांच

नई दिल्ली। राज्यसभा में गुरुवार को नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी में जनसभा के बाद मंच के कथित शुद्धिकरण का मामला उठाया। खड़गे ने कहा कि उन्होंने रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था, जिसमें उन्होंने किसी धर्म या समाज के खिलाफ कोई टिप्पणी नहीं की, बल्कि लोगों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखी थी। इसके बाद कुछ लोगों द्वारा हवन कर मंच का शुद्धिकरण किए जाने का आरोप लगाया गया।
खड़गे ने कहा कि इस घटना से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है और इसे उन्होंने अपने सम्मान से जोड़ते हुए सदन में चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से सार्वजनिक जीवन में हैं और ऐसी घटनाओं को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक मानते हैं।
नड्डा ने जताया खेद
नेता सदन जेपी नड्डा ने खड़गे की बात पर दुख जताते हुए कहा कि यदि घटना में भाजपा से जुड़े लोग शामिल हैं तो इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। नड्डा ने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।
नड्डा ने खड़गे से मामले को राजनीतिक रंग नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि भाजपा पूरे घटनाक्रम की तह तक जाएगी। उन्होंने कहा कि खड़गे की भावनाओं को जो ठेस पहुंची है, वह सभी के लिए खेद का विषय है।
सभापति ने भी की निंदा
राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा से जुड़े व्यक्ति को अस्पृश्यता जैसी सोच का समर्थन नहीं करना चाहिए। उन्होंने सरकार से मामले की जांच कर दोषियों की पहचान कर कार्रवाई करने का आग्रह किया।













