मुंबई एयरपोर्ट पर ‘बैग में बम’ का मजाक पड़ा भारी, दिल्ली जाने वाली फ्लाइट रोकी गई

मुंबई। छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टी-2 टर्मिनल पर एक यात्री के ‘बैग में बम’ कहने से हड़कंप मच गया। यात्री की बात को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को उड़ान से पहले रोक दिया और यात्री को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के अनुसार बोर्डिंग गेट पर एयरलाइन के सुरक्षा अधिकारी यात्रियों के हैंडबैग की नियमित जांच कर रहे थे। इसी दौरान 55 वर्षीय अनुज जयराम सुवर्णा से प्रतिबंधित सामान को लेकर पूछताछ की गई। इसी दौरान उसने कथित तौर पर मजाक में अपने बैग में बम होने की बात कही।
विमान खाली कराकर जांच
बम का जिक्र होते ही एयरलाइन कर्मचारियों ने सीआईएसएफ को सूचना दी। सुरक्षा बल ने तत्काल यात्री को विमान से उतारा और एहतियातन सभी यात्रियों को भी नीचे उतार दिया। इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने विमान, कार्गो होल्ड और यात्रियों के सामान की गहन जांच की।
कई घंटे चली तलाशी के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। विमान को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद यात्रियों को दोबारा बोर्डिंग की अनुमति दी गई और फ्लाइट को दिल्ली के लिए रवाना किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
सीआईएसएफ ने यात्री को आगे की कार्रवाई के लिए सहार पुलिस के हवाले किया। सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर पूछताछ की। यात्री ने पुलिस को बताया कि उसने यह बात मजाक में कही थी और उसका किसी को धमकाने का इरादा नहीं था।
हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया कि एयरपोर्ट पर बम या विस्फोटक से जुड़ी किसी भी बात को मजाक में लेना संभव नहीं है। ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकत से यात्रियों में भय पैदा होने के साथ विमान संचालन भी प्रभावित होता है। मामले की जांच जारी है।













