बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

ब्रेक फेल होने पर सड़क किनारे पलटा ट्रक, चालक घायल

NH-39 पर सझहर जंगल के पास हादसा, भूसी सड़क पर बिखरने से कुछ देर प्रभावित रहा यातायात

सिंगरौली। जिले के नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सझहर जंगल के पास भूसी लेकर जा रहे एक ट्रक का अचानक ब्रेक फेल हो गया। बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सड़क से नीचे उतार दिया, लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।

हादसे में ट्रक चालक रमेश कुमार प्रजापति के सिर में चोट आई। सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

सड़क पर बिखरी भूसी, आवागमन प्रभावित
ट्रक पलटने के कारण उसमें लदी भूसी सड़क पर बिखर गई। इससे NH-39 पर यातायात प्रभावित हो गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे करवाया और बिखरी सामग्री को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी के अनुसार, पुलिस ने चालक के बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।

Author

Related Articles

Back to top button