जिला अस्पताल के दो डॉक्टरों की कारें आपस में टकराईं, बाल-बाल बचे सवार
एक वाहन पलटा, दोनों कारें क्षतिग्रस्त; पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा

सिंगरौली। जिला अस्पताल बैढ़न में पदस्थ दो चिकित्सकों की कारें गुरुवार को एक्सिस बैंक के पास अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गईं। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कारों में सवार बच्चों समेत कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार जिला अस्पताल बैढ़न में पदस्थ चिकित्सक डॉ. महेंद्र पटेल की बलेनो कार और चिकित्सक डॉ. बालेन्दु शाह की कार एक्सिस बैंक के पास आमने-सामने टकरा गईं। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन चालकों का एक-दूसरे के वाहन पर ध्यान नहीं गया, जिसके कारण अचानक भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि डॉ. महेंद्र पटेल की बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोग एकत्र हो गए और लोगों की मदद से पलटी हुई कार को सीधा कर सड़क किनारे खड़ा कराया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बैढ़न कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कारों में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।













