तिरंगे की शान में एकजुट हुआ चितरंगी, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा नगर
राज्य मंत्री राधा सिंह ने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर अमर शहीदों को किया नमन

सिंगरौली। स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर चितरंगी मुख्यालय में बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगी इस यात्रा में बड़ी संख्या में नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरे नगर को देशभक्ति के माहौल से सराबोर कर दिया।

तिरंगा यात्रा का आयोजन उपखंड अधिकारी देवेंद्र द्विवेदी की अध्यक्षता में किया गया। यात्रा में प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी, जन अभियान परिषद के प्रतिनिधि, नवांकुर संस्थाओं के कार्यकर्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से भारत माता की आकर्षक झांकी तैयार की गई, जो यात्रा का मुख्य आकर्षण रही। राज्य मंत्री राधा सिंह ने उपखंड अधिकारी देवेंद्र द्विवेदी के साथ झांकी का अवलोकन किया और तिरंगा यात्रा में शामिल होकर राष्ट्रप्रेम एवं एकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री राधा सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव का पर्व है। अमर शहीदों के बलिदान को याद करते हुए हमें देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में नागरिकों की सहभागिता ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
यात्रा में स्कूली बच्चों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण उत्साहपूर्ण बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में जनपद पंचायत सीईओ मान सिंह सैयाम सहित जनपद पंचायत टीम, तकनीकी विभाग एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












