स्वतंत्रता दिवस पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह करेंगी ध्वजारोहण, लेंगी परेड की सलामी

सिंगरौली | स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर 15 अगस्त को जिला मुख्यालय के राजमाता चुनकुमारी स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर मध्य प्रदेश शासन की राज्यमंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग श्रीमती राधा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर प्रातः मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगी।
ध्वजारोहण के उपरांत मुख्य अतिथि राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह परेड का निरीक्षण करेंगी और संयुक्त परेड की सलामी लेंगी। इसके पश्चात जिला पुलिस बल, होमगार्ड जवानों और एनसीसी कैडेट्स द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। समारोह में स्थानीय विभिन्न स्कूली विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम को सुचारू एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।












