देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

नर्मदा की लहरों पर लहराया तिरंगा, 200 तैराकों ने निकाली अनोखी राष्ट्रभक्ति यात्रा

 

जबलपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत संस्कारधानी जबलपुर में शुक्रवार को देशभक्ति का अनोखा नजारा देखने को मिला। उफनती नर्मदा की तेज धाराओं के बीच करीब 200 तैराकों ने हाथों में तिरंगा लेकर जल यात्रा निकाली और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।

जिलहरी घाट तैराकी संघ की ओर से आयोजित अखंड भारत संकल्प तिरंगा यात्रा गौरीघाट स्थित जिलहरी घाट से शुरू होकर तिलवाराघाट तक पहुंची। लगभग 10 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में तैराकों ने नर्मदा की तेज धारा के बीच तिरंगे के साथ तैरकर देशभक्ति और साहस का परिचय दिया।

तैराकों ने करीब डेढ़ घंटे में यह दूरी पूरी की। उफनती नदी में तिरंगा थामे तैरते खिलाड़ियों का दृश्य लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। नर्मदा घाटों पर मौजूद लोगों ने इस अद्भुत यात्रा को देखकर तैराकों का उत्साह बढ़ाया और भारत माता के जयकारे लगाए।

तेज बहाव और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद तैराकों का जोश कम नहीं हुआ। पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने इस आयोजन को देश की एकता, अखंडता और वीरता का प्रतीक बताते हुए तैराकों के साहस की सराहना की।

तिरंगा यात्रा के माध्यम से संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं बल्कि देश के प्रति सम्मान, समर्पण और जिम्मेदारी निभाने का अवसर भी है।

Author

Related Articles

Back to top button