नर्मदा में बढ़ा जलस्तर, बरगी बांध के गेट कभी भी खुल सकते हैं; घाटों पर 4 फीट तक बढ़ेगा पानी

जबलपुर। मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में लगातार हो रही बारिश के चलते नर्मदा नदी उफान पर है। नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना के अंतर्गत बरगी बांध का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बांध के गेट कभी भी खोले जा सकते हैं।
बरगी बांध प्रबंधन ने नर्मदा नदी के घाटों और तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से नदी से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और किसी भी तरह का जोखिम नहीं उठाने की सलाह दी गई है।
बरगी बांध के कार्यपालन यंत्री राजेश सिंह के अनुसार 14 अगस्त की सुबह 8 बजे बांध का जलस्तर 420.15 मीटर दर्ज किया गया। वर्तमान में बांध की जल उपयोगी क्षमता 2492 मिलियन क्यूबिक मीटर (एमसीएम) यानी करीब 78.36 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
24 घंटे में छोड़ा जा सकता है 1000 क्यूमेक पानी
अधिकारियों के मुताबिक बांध में वर्तमान में करीब 760 क्यूमेक पानी की आवक हो रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान और लगातार बारिश को देखते हुए अगले 24 घंटे में बांध से लगभग 1000 क्यूमेक पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है।
बांध के गेट खोलने से पहले संबंधित क्षेत्रों को वायरलेस संदेश और प्रशासनिक माध्यमों से सूचना दी जाएगी। पानी की आवक के अनुसार छोड़े जाने वाले पानी की मात्रा बढ़ाई या घटाई भी जा सकती है।
घाटों पर बढ़ेगा पानी, लोगों से सतर्क रहने की अपील
बांध के गेट खुलने के बाद नर्मदा नदी के घाटों पर जलस्तर करीब 3 से 4 फीट तक बढ़ने की संभावना है। प्रशासन और बांध प्रबंधन ने लोगों से घाटों एवं नदी किनारे जाने से बचने तथा सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।
बारिश के मौसम में नदी के तेज बहाव को देखते हुए प्रशासन ने सभी नागरिकों से सावधानी बरतने और अफवाहों से बचने की अपील की है।













