देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अहमदाबाद में 153 करोड़ से बनेगा चार लेन रोड ओवरब्रिज, रेल फाटक पर खत्म होगा जाम का इंतजार

अहमदाबाद। शहर के गेरतपुर-अहमदाबाद रेलखंड पर लेवल क्रॉसिंग संख्या 305 पर अब वाहन चालकों को लंबी प्रतीक्षा से राहत मिलने वाली है। भारतीय रेलवे ने यहां चार लेन वाले रोड ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को मंजूरी दे दी है। करीब 153 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह ओवरब्रिज क्षेत्र में सड़क यातायात को सुरक्षित और सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।

रेलवे के अनुसार यह परियोजना पश्चिम रेलवे के आधारभूत संरचना विकास कार्यक्रम का हिस्सा है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में बनने वाले इस ओवरब्रिज से ट्रेनों के गुजरने के दौरान रेलवे फाटक बंद होने से लगने वाली लंबी कतारों की समस्या समाप्त होगी।

प्रस्तावित ओवरब्रिज की कुल लंबाई करीब 106 मीटर होगी। इसमें 53-53 मीटर के दो संयुक्त गर्डर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 150 मीटर लंबे वायडक्ट और रेलवे क्षेत्र की ओर 595 मीटर लंबी अप्रोच रोड का निर्माण किया जाएगा। चार लेन का यह ब्रिज तैयार होने के बाद वाहन सीधे रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर सकेंगे।

ऑटोमेटिक सिग्नलिंग से बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार

इसी बीच अहमदाबाद-पालनपुर रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नलिंग प्रणाली लागू करने का काम भी तेजी से चल रहा है। आंबलियासन, जगुदन, मेहसाणा, भान्डू और मोटीदाउ स्टेशनों के बीच सिग्नलिंग सुधार कार्य किए जा रहे हैं।

नई व्यवस्था लागू होने के बाद ट्रेनों के संचालन में सुविधा होगी और रेल लाइन की क्षमता बढ़ेगी। हालांकि कार्य के चलते कुछ यात्री ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जा रहा है।

रेलवे का मानना है कि रोड ओवरब्रिज और आधुनिक सिग्नलिंग व्यवस्था से अहमदाबाद क्षेत्र में सड़क एवं रेल यातायात दोनों अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेंगे।

Author

Related Articles

Back to top button