बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवसर में पंच सम्मेलन आयोजित

125 दिन की रोजगार गारंटी सहित ग्रामीण विकास के प्रावधानों पर दिया जोर

सिंगरौली- जनपद पंचायत देवसर में 13 अगस्त को “विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन अधिनियम, 2025” के अंतर्गत पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों के प्रभावी अभिमुखीकरण के लिए जनपद स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य पंचायतों के सरपंच एवं पंच प्रतिनिधियों को अधिनियम के प्रावधानों, ग्रामीण रोजगार, आजीविका संवर्धन एवं विकास योजनाओं की जानकारी देकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सक्षम बनाना रहा।सम्मेलन में “विकसित भारत–जी राम जी” के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन तथा पंचायतों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायत प्रतिनिधियों को 125 दिनों की रोजगार गारंटी, बेरोजगारी भत्ते के प्रावधान, समय पर मजदूरी भुगतान तथा मजदूरी भुगतान में देरी होने पर मुआवजे से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई।कार्यक्रम में ग्राम सभा के माध्यम से विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने तथा स्थानीय आवश्यकताओं एवं ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को पंचायत स्तर की विकास योजनाओं में शामिल करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिनिधियों से ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांव की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया।

पंचायतों को सशक्त बनाने पर जोर
जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक की अध्यक्षता में आयोजित सम्मेलन में जिला पंचायत सदस्य, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच एवं पंचगण प्रशिक्षणार्थी के रूप में शामिल हुए। अध्यक्ष प्रणव पाठक ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत इकाइयां हैं। पंचायत प्रतिनिधियों को शासन की योजनाओं और अधिनियम के प्रावधानों की समुचित जानकारी होने से ग्रामीणों को रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का लाभ समय पर दिलाने में मदद मिलेगी।उन्होंने पंचायतों को अधिक सशक्त, जवाबदेह और जनभागीदारी आधारित बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि ग्राम सभा को प्रभावी बनाकर स्थानीय स्तर पर विकास की प्राथमिकताएं तय की जानी चाहिए।

अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
सम्मेलन के दौरान जनपद पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शासन की विभिन्न योजनाओं और अधिनियम से जुड़े प्रावधानों की जानकारी पंचायत प्रतिनिधियों को दी गई। कार्यक्रम में जनपद पंचायत देवसर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सूरज मिश्रा, पीसीओ राजेंद्र द्विवेदी, एसडीओ संतोष कोल, सब इंजीनियर विनोद मिश्रा, एपीओ शशिकांत तिवारी, राजेश सोमवंशी एवं मंच संचालक उदयभान राम पाठक सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।प्रशिक्षण कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित पंचायत प्रतिनिधियों को सम्मानित किया गया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम के अंत में पंचायतों को सशक्त एवं जवाबदेह बनाने, ग्राम सभाओं में जनभागीदारी बढ़ाने तथा शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Author

Related Articles

Back to top button