बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत सिंगरौली पुलिस का जनसंवाद, बैढ़न थाने का हुआ औचक निरीक्षण

जनता की समस्याएं सुनीं, लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण और बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश

सिंगरौली। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत सिंगरौली पुलिस द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान और पुलिस व्यवस्थाओं की समीक्षा को लेकर जनसंवाद एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों ने जनता से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन द्वारा अटल सामुदायिक भवन, बिलौजी में आयोजित जनसंवाद शिविर में पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. शामिल हुए। उन्होंने आम नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन को बेहतर पुलिसिंग, त्वरित सहायता और संवेदनशील व्यवहार उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।


इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा ने थाना बैढ़न का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न शिकायतों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और लंबित मामलों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

थाना निरीक्षण के दौरान अपराधों की स्थिति, समंस एवं वारंटों की तामीली, रजिस्टरों के संधारण और विवेचना कार्यों की भी समीक्षा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर में हेल्प डेस्क, रिपोर्टिंग कक्ष, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचक कक्ष, महिला ऊर्जा हेल्प डेस्क, बाल कल्याण अधिकारी कक्ष, बंदीगृह एवं मालखाना सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी और आगंतुक के साथ सम्मानजनक एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए। शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने की दिशा में कार्य किया जाए।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का उद्देश्य शासन एवं पुलिस सेवाओं को आमजन के और अधिक करीब लाना, शिकायतों का प्रभावी समाधान करना और मैदानी स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी को मजबूत बनाना है। सिंगरौली पुलिस द्वारा अभियान के तहत लगातार जनसंवाद, निरीक्षण और समीक्षा की जा रही है।

Author

Related Articles

Back to top button