केबल चोरी रोकने पहुंचे NCL सुरक्षा गार्ड पर हमला, टांगी-कुल्हाड़ी से वार कर सरकारी बंदूक लेकर भागे आरोपी
जयंत परियोजना में आधी रात वारदात; घायल सुरक्षा गार्ड के हाथ-माथे पर 18 टांके, पेट्रोलिंग टीम ने पीछा कर बरामद की बंदूक

सिंगरौली। एनसीएल की जयंत परियोजना में गुरुवार देर रात ड्रिल मशीन का केबल काट रहे संदिग्धों को रोकना एक सुरक्षा गार्ड को भारी पड़ गया। आरोप है कि केबल चोरी रोकने की कोशिश करने पर कबाड़ियों के एक समूह ने डीजीआर सुरक्षा गार्ड विजय तिवारी पर टांगी और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपियों ने उनकी सरकारी बंदूक और मोबाइल फोन भी छीन लिया और मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 12:30 बजे बी-1 मशीन के पास हुई। वहां खड़ी ड्रिल मशीन से करीब 5 से 7 मीटर केबल काटे जाने की सूचना पर सुरक्षा गार्ड विजय तिवारी मौके पर पहुंचे और आरोपियों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया।
हाथ-माथे पर 18 टांके
हमले में विजय तिवारी के एक हाथ की उंगलियों में करीब 10 टांके, दूसरे हाथ में 4 टांके तथा माथे पर कुल्हाड़ी से वार के बाद 4 टांके लगाए गए हैं। घायल सुरक्षा गार्ड को उपचार के लिए नेहरू शताब्दी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीछा करने पर बंदूक छोड़ भागे आरोपी
घटना की सूचना मिलते ही एनसीएल जयंत की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों का पीछा किया। टीम के दबाव के बाद आरोपी सरकारी बंदूक छोड़कर भाग गए। करीब दो घंटे बाद रात 2:30 बजे यमुना ड्रैगलाइन के सामने फेस डंपिंग के पास से बंदूक बरामद कर ली गई। बंदूक बरामदगी में जयंत पुलिस चौकी का भी सहयोग बताया गया है।घायल सुरक्षा गार्ड के अनुसार उन्होंने केबल काट रहे लोगों को रोकने का प्रयास किया था, जिसके बाद उन पर हमला किया गया। मोरवा थाना प्रभारी डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।घटना ने एनसीएल की परियोजना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और केबल चोरी रोकने के दौरान सुरक्षा कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











