कलेक्टर के आदेश भी बेअसर! वार्ड 30 में नाली नहीं, बारिश का पानी घरों में घुसने से बढ़ा खतरा
एक साल पहले सड़क बनी, नाली बनाना भूले जिम्मेदार; जनसुनवाई में तत्काल कार्रवाई के निर्देश के बाद भी समस्या जस की तस
सिंगरौली। नगर निगम सिंगरौली की कार्यशैली पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। वार्ड क्रमांक 30 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, पचखोरा के पीछे रहने वाले लोगों को बारिश के दौरान जलभराव की गंभीर समस्या से जूझना पड़ रहा है। आरोप है कि करीब एक साल पहले सड़क का निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन सड़क के किनारे नाली निर्माण नहीं कराया गया। इसके चलते बारिश और घरों से निकलने वाला पानी आसपास जमा होकर अब लोगों के घरों में घुसने लगा है।
शिकायतकर्ता आशीष सिंह बघेल के अनुसार समस्या को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, नगर निगम आयुक्त और महापौर सहित कई स्तरों पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। स्थिति इतनी गंभीर है कि उन्होंने मकान गिरने की आशंका भी जताई है।
जनसुनवाई में कलेक्टर ने दिए थे तत्काल कार्रवाई के निर्देश
मामला 4 अगस्त 2026 की जनसुनवाई में शिकायत क्रमांक 738247 के माध्यम से कलेक्टर के सामने पहुंचा था। शिकायतकर्ता का दावा है कि जनसुनवाई के दौरान मौजूद नगर निगम अधिकारियों को कलेक्टर ने तत्काल समस्या का समाधान कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अब तक मौके पर नाली निर्माण अथवा जल निकासी की ठोस व्यवस्था नहीं की गई।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कलेक्टर के निर्देश के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा तो नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी आखिर किसका इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था कराने और लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।











