बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अतिवृष्टि से प्रभावितों की मदद को आगे आए देवसर विधायक

परसौना में जलभराव के बीच देवसर विधायक ने संभाली राहत की कमान, निजी खर्च से टेंट और भोजन की व्यवस्था

सिंगरौली। जिले में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और नुकसान की स्थिति बन गई है। देवसर विधानसभा क्षेत्र के परसौना और रजबांध में बारिश का पानी घरों में घुसने तथा कई मकानों के क्षतिग्रस्त होने के बाद प्रभावित परिवारों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गईं। कई परिवारों ने रात खुले आसमान के नीचे टेंट लगाकर बिताई और सुबह होने का इंतजार किया।
मामले की जानकारी मिलते ही देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम तत्काल परसौना स्थित अपने कार्यालय पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। विधायक ने प्रभावित परिवारों को अपने कार्यालय में शरण दी तथा उनके लिए खान-पान की व्यवस्था कराई।


विधायक ने प्रभावित लोगों को अपने निजी खर्च से टेंट और खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई, ताकि बारिश के बीच उन्हें तत्काल राहत मिल सके। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से समन्वय कर प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए।फोन पर चर्चा के दौरान विधायक राजेंद्र मेश्राम ने कहा कि वे देवसर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। अचानक हुई अत्यधिक बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि जहां भी ऐसी स्थिति सामने आए, वहां तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया जाए।

विधायक ने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को प्रभावित क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा जरूरतमंद परिवारों तक तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। लगातार बारिश के बीच विधायक की इस पहल से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Author

Related Articles

Back to top button