बारिश बनी आफत: गांव से शहर तक जलभराव, कई स्थानों पर फंसे लोगों का SDRF और होमगार्ड ने किया रेस्क्यू

सिंगरौली। जिले में बीती रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण गांव से लेकर शहर तक कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। नाले और पुल उफान पर आ गए हैं, वहीं कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया है। स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए चेतावनी जारी की है कि पानी भरे नालों और पुल-पुलियों को पार करने का जोखिम न उठाएं।
बारिश के कारण जलभराव में फंसे कई लोगों को SDRF और होमगार्ड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षित बाहर निकाला। प्रशासन की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी कर रही हैं।

डॉक्टर्स कॉलोनी में तीन फीट तक भरा पानी
मूसलाधार बारिश का सबसे अधिक असर परसौना क्षेत्र में देखने को मिला। यहां मौजूद सरकारी डॉक्टर्स कॉलोनी में करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई। वहीं पुलिस कॉलोनी के बीच की सड़क बारिश के कारण धंस गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रिलायंस कन्वेयर बेल्ट क्षेत्र में भी सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। परसौना-हरदी मार्ग स्थित छोटी पुलिया के ऊपर पानी बहने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
शहर के कई वार्डों में जलभराव
बारिश का असर जिला मुख्यालय बैढ़न में भी दिखाई दिया। शहर के डीएवी रोड, रामलीला मैदान रोड, गनियारी, बलियरी सहित कई क्षेत्रों में पानी भर गया। कई जगहों पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी जमा हो गया है, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
तिरंगा यात्रा हुई रद्द
स्वतंत्रता दिवस को लेकर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा भी खराब मौसम और बारिश के चलते रद्द करनी पड़ी। प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया।
नदियों का बढ़ा जलस्तर, प्रशासन अलर्ट
लगातार बारिश के कारण जिले की रिहंद, सोन और मयार नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी और नाले किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
वहीं यूपी बॉर्डर स्थित तेलगवां-शक्तिनगर मार्ग पर भी करीब दो फीट तक पानी सड़क के ऊपर बहने की स्थिति सामने आई है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
राखड़ डैम क्षतिग्रस्त होने की सूचना
ग्राम शासन क्षेत्र में रिलायंस कंपनी के राखड़ डैम के क्षतिग्रस्त होने की सूचना भी सामने आई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।जिले में बारिश का दौर जारी रहने के कारण प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना दें।











