बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में द्वितीय जनविश्वास शिविर आयोजित

आमजन की कठिनाइयों को दूर करना सुशासन की सही पहल है – राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह

सिंगरौली, 14 अगस्त 2026/ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार जिले में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत नगर निगम क्षेत्र के अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में द्वितीय जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मध्यप्रदेश शासन की पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री रामनिवास शाह, नगर निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल, नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय, कलेक्टर श्री गौरव बैनल, पुलिस अधीक्षक श्री सियाज के.एम., सहित जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

शिविर में उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस अभियान के माध्यम से आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। जिन कार्यों के लिए नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, उनका समाधान शिविरों के माध्यम से किया जा रहा है। आमजन की कठिनाइयों को दूर करना ही सुशासन की सही पहल है। उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान के तहत अधिकारी आमजन से सीधे संवाद करने के साथ स्वरोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए उद्यमियों से संवाद भी कर रहे हैं। अभियान के दौरान शासन की योजनाओं एवं कल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रभावी मॉनीटरिंग की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा कार्यालयों, छात्रावासों, अस्पतालों, विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किए जाने से व्यवस्थाओं में और अधिक सुधार आएगा।

शिविर में उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन मिलकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं अधिकारियों के समक्ष रखें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।


नगर निगम की महापौर श्रीमती रानी अग्रवाल ने कहा कि जन विश्वास शिविर आमजन और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को नगर निगम एवं अन्य विभागों की योजनाओं का लाभ सहजता से मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शिविर में उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाते हुए अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं।नगर निगम अध्यक्ष श्री देवेश पाण्डेय ने कहा कि जन विश्वास अभियान से नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान संभव हो रहा है। शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए ऐसे शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
शिविर में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से प्रशासनिक गतिशीलता एवं मॉनीटरिंग को बढ़ावा मिलेगा। जनसंवाद के माध्यम से आमजन की कठिनाइयों को समझकर उनके निराकरण की कार्यवाही की जा रही है। आर्थिक विकास को गति देने के लिए उद्यमियों के साथ उद्यम संवाद भी आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिला एवं विकासखंड स्तर के सभी अधिकारी शिविरों के माध्यम से विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं क्रियान्वयन की लगातार मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के साथ प्रशासन को और अधिक संवेदनशील एवं जवाबदेह बनाना है। शिविर के दौरान अतिथियों द्वारा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विभागीय काउंटरों का अवलोकन किया गया। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं एवं शिविर के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा आमजन को अधिक से अधिक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गई। शिविर के दौरान पार्षद सीमा जयसवाल, राम नरेश शाह, अनार कली, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पुष्पराज सिंह, उपायुक्त सहकारिता पी.के मिश्रा, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह, एच.एम श्रीवास्तव सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button