आरएलआई विंध्याचल में ESKOM इंजीनियर्स के लिए डब्लूएफजीडी प्रशिक्षण के चौथे बैच का शुभारंभ

सिंगरौली- एनटीपीसी के क्षेत्रीय ज्ञानार्जन संस्थान विंध्याचल में 14 अगस्त 2026 को दक्षिण अफ्रीका की विद्युत कंपनी ESKOM के सात इंजीनियर्स के लिए वेस्ट फ्यूल गैस डीसल्फराजेशन पर दो माह के आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे बैच का शुभारंभ हुआ। एनटीपीसी के इंटरनेशनल बिजनेस विभाग के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम सतत एवं स्वच्छ विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में एनटीपीसी और ESKOM के बीच बढ़ती साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने किया।
उद्घाटन अवसर पर किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) ने बताया कि विंध्याचल सुपर थर्मल पावर स्टेशन एनटीपीसी का पहला ऐसा स्टेशन है, जहां फ्यूल गैस डीसल्फराजेशन प्रणाली स्थापित की गई है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को जांगड़े जी डी प्रणाली की स्थापना , कमीशनिंग एवं संचालन से संबंधित व्यावहारिक एवं समग्र जानकारी प्रदान किए जाने की विशेषता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण प्रतिभागियों को अत्याधुनिक तकनीक के साथ-साथ उसके व्यावहारिक अनुप्रयोग को समझने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगा।
इस अवसर पर मणिक्यन सुरेश, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए एनटीपीसी में सुरक्षा के सर्वोच्च महत्व पर जोर दिया तथा इंजीनियर्स से प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों के साथ अधिक से अधिक व्यावहारिक संवाद करने का आग्रह किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को विंध्याचल परियोजना की अन्य तकनीकी पहलों, जिनमें सौर एवं जल विद्युत से संबंधित पहल भी शामिल हैं, को समझने और उनके अनुभव का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ. देबस्मिता त्रिपाठी, अपर महाप्रबंधक (एर एल आई) ने बताया कि इससे पूर्व आयोजित तीन प्रशिक्षण बैचों के माध्यम से लगभग 24 ESKOM professionals को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने इस पहल को ज्ञान के आदान-प्रदान, व्यावसायिक उत्कृष्टता तथा भारत-दक्षिण अफ्रीका सहयोग को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया।
कार्यक्रम के दौरान तपस कुमार मजूमदार, अपर महाप्रबंधक (आई बी डी) ने ESKOM और NTPC के बीच सहयोग की यात्रा पर प्रकाश डाला तथा प्रशिक्षण के चौथे एवं अंतिम बैच का स्वागत किया। उद्घाटन कार्यक्रम का समापन लाल बिहारी प्रसाद, उप महाप्रबंधक (आई बी डी) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। ESKOM इंजीनियर्स के लिए आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम RLI विंध्याचल की अंतरराष्ट्रीय क्षमता निर्माण केंद्र के रूप में भूमिका को और सुदृढ़ करता है तथा स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल विद्युत प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में एनटीपीसी की विशेषज्ञता को प्रदर्शित करता है। साथ ही, यह पहल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तकनीकी ज्ञान, पेशेवर अनुभव एवं सहयोग के संबंधों को और प्रगाढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।













