देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

अलवर में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: पिकअप में आग लगने से 3 की मौत, एक गंभीर

अलवर। जिले के रैणी थाना क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक पिकअप वाहन में आग लगने से तीन लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।

हादसा रात करीब एक बजे हुआ। एएसआई मोहम्मद आमीन के अनुसार, आशंका है कि पिकअप को ड्राइवर साइड से किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, जिसके तुरंत बाद वाहन में आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि तीनों शव सीटों से चिपके हुए मिले।

मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मोहित निवासी बहादुरगढ़ (हरियाणा), दीपेंद्र निवासी सागर (मध्यप्रदेश) और पदम निवासी सागर (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे में घायल ड्राइवर हन्नी निवासी झज्जर (हरियाणा) है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

एक्सप्रेस-वे पर दहशत
पिकअप में आग लगते देख एक्सप्रेस-वे पर चल रही कई गाड़ियां रुक गईं। स्थानीय लोगों के अनुसार, रेस्क्यू शुरू होने तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है, जिससे टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सके।

शवों को रैणी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पिकअप का पंजीकरण झज्जर (हरियाणा) का पाया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।

Author

Related Articles

Back to top button