बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

तेज बहाव में बाइक समेत बहने लगा अधेड़, स्थानीय युवक ने नदी में छलांग लगाकर बचाई जान

सिंगरौली- रविवार शाम मोरवा – चितरंगी मार्ग पर रेलवे स्टेशन के समीप उस समय बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब रातभर हुई बारिश के बाद बीजूल नदी उफान पर आ गई। नदी का पानी पुल के ऊपर से तेज बहाव के साथ सड़क पर बहने लगा था। इसी दौरान पुल पार करने के प्रयास में एक व्यक्ति मोटरसाइकिल समेत तेज बहाव की चपेट में आकर बहने लगा।
जानकारी के अनुसार मोरवा के एनसीएल 1B 118 निवासी उपेंद्र सिंह उम्र 55 वर्ष रविवार शाम करीब 5:30 बजे अपनी मोटरसाइकिल से गोरबी से घर लौट रहे थे। रेलवे स्टेशन के समीप पुल पर पानी का तेज बहाव होने के बावजूद उन्होंने मोटरसाइकिल से पुल पार करने का प्रयास किया।

इसी दौरान वह मोटरसाइकिल समेत पानी के तेज बहाव में बहने लगे। घटना देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। इसी बीच एक स्थानीय युवक ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और बह रहे उपेंद्र सिंह को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि उनकी मोटरसाइकिल तेज बहाव में बह गई, जो अभी भी पानी में फंसी हुई बताई जा रही है।

डूबने की घटना की जानकारी मोरवा थाने में दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी ली। बताया गया कि घटना के संबंध में थाने में आवेदन देकर मोटरसाइकिल को पानी से बाहर निकलवाने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है।
गौरतलब है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों और पुल-पुलियों पर पानी का तेज बहाव होने की स्थिति में जिला प्रशासन द्वारा लोगों को आवागमन न करने की एडवाइजरी जारी की जाती है। इसके बावजूद तेज बहाव के बीच पुल पार करने का प्रयास जानलेवा साबित हो सकता है। इस घटना में स्थानीय युवक की तत्परता से व्यक्ति की जान बच गई, लेकिन मोटरसाइकिल पानी में बह गई।

Author

Related Articles

Back to top button