डॉ. मधुर वर्मा बने पमरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, शशांक गुप्ता ने संभाला सीडीसीएम का पद
वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों का किया स्वागत

जबलपुर, 18 अगस्त। पश्चिम मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल के तहत डॉ. मधुर वर्मा ने मुख्य जनसंपर्क अधिकारी का पदभार ग्रहण किया है। वहीं शशांक गुप्ता ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर का कार्यभार संभाल लिया है। दोनों अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने पर पश्चिम मध्य रेलवे के वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
रेलवे के आदेश के अनुसार डॉ. मधुर वर्मा को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर के पद से स्थानांतरित कर पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय, जबलपुर में मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के पद पर पदस्थ किया गया है। इसी तरह शशांक गुप्ता, जो वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर-2 के पद पर कार्यरत थे, उन्हें वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, जबलपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
वाणिज्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि डॉ. मधुर वर्मा के नेतृत्व में रेलवे की जनसंपर्क गतिविधियों को और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। वहीं शशांक गुप्ता के नेतृत्व में जबलपुर मंडल में यात्री सुविधाओं और वाणिज्यिक कार्यों को गति मिलेगी।













