जबलपुर से मदनमहल शिफ्ट हुईं 3 जोड़ी इंटरसिटी ट्रेनें
रीवा, अंबिकापुर और सिंगरौली जाने वाले यात्रियों को राहत, जबलपुर स्टेशन पर परिचालन का दबाव होगा कम

जबलपुर, 18 अगस्त। रेल यात्रियों की सुविधा और जबलपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को सुचारु बनाने के लिए पश्चिम मध्य रेलवे ने तीन जोड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनों का टर्मिनल जबलपुर से बदलकर मदनमहल कर दिया है। यह व्यवस्था 17 अगस्त से लागू हो गई है। इससे हजारों यात्रियों को राहत मिलने के साथ जबलपुर स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव भी कम होगा।
अब 22189/22190 जबलपुर-रीवा-जबलपुर इंटरसिटी, 11265/11266 जबलपुर-अंबिकापुर-जबलपुर इंटरसिटी और 11651/11652 जबलपुर-सिंगरौली-जबलपुर इंटरसिटी का संचालन मदनमहल स्टेशन से होगा।
मदनमहल-रीवा इंटरसिटी प्रतिदिन शाम 5 बजे मदनमहल से रवाना होगी और रात 9.22 बजे रीवा पहुंचेगी। वापसी में रीवा से ट्रेन सुबह 5.45 बजे चलेगी और सुबह 10.07 बजे मदनमहल पहुंचेगी।
मदनमहल-अंबिकापुर इंटरसिटी दोपहर 12.25 बजे मदनमहल से रवाना होकर रात 11 बजे अंबिकापुर पहुंचेगी। वापसी में अंबिकापुर से सुबह 6.15 बजे चलकर दोपहर 3.20 बजे मदनमहल पहुंचेगी।
मदनमहल-सिंगरौली इंटरसिटी शाम 4.05 बजे रवाना होकर रात 11.45 बजे सिंगरौली पहुंचेगी। वापसी में सिंगरौली से सुबह 4.40 बजे चलकर दोपहर 12.05 बजे मदनमहल पहुंचेगी।
रेलवे के अनुसार टर्मिनल बदलने से जबलपुर स्टेशन पर कंजेशन कम होगा और ट्रेनों के समयपालन में सुधार की उम्मीद है।













