बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

ग्वालियर एसपी कार्यालय में कांग्रेस नेता ने की आत्महत्या, अस्पताल में डॉक्टर ने मृत घोषित किया

जिला महामंत्री राजेश किरार के पास सुसाइड नोट मिलने की जानकारी, लेन-देन और जमीन विवाद की बात सामने आई

ग्वालियर, 18 अगस्त। ग्वालियर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब कांग्रेस के जिला महामंत्री राजेश किरार ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह कार्यालय परिसर के बाहर बेहोश होकर गिर पड़े। पुलिसकर्मी उन्हें तत्काल जयारोग्य अस्पताल की हजार बिस्तर वाली इमारत में लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बताया गया कि राजेश किरार किसी समस्या को लेकर एसपी से मिलने कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी। इसी दौरान उन्होंने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सुसाइड नोट की भी जांच

कांग्रेस नेता रवीन्द्र सिंह के अनुसार राजेश किरार करीब 25 वर्षों से कांग्रेस से जुड़े थे और वर्तमान में जिला महामंत्री थे। उनके पास से सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने आई है। इसमें कुछ लोगों द्वारा लेन-देन को लेकर कथित रूप से प्रताड़ित किए जाने की बात होने का दावा किया गया है।

वहीं सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि राजेश ने जहरीला पदार्थ खाया था। शुरुआती जानकारी में जमीन के कब्जे से जुड़ी परेशानी की बात सामने आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने जहरीला पदार्थ कहां और किन परिस्थितियों में खाया। पुलिस के अनुसार घटना से पहले उनकी किसी पुलिसकर्मी से बातचीत नहीं हुई थी। मामले की जांच जारी है।

Author

Related Articles

Back to top button