गंगा में नहाते समय तेज बहाव में बहे चार कांवड़िए, मची चीख-पुकार
एक ही गांव के युवक हादसे का शिकार, तीन एक ही परिवार के; एनडीआरएफ और गोताखोरों का रेस्क्यू जारी

फर्रुखाबाद, 18 अगस्त। पांचाल घाट पर सोमवार सुबह गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शाहजहांपुर जिले के खुदागंज क्षेत्र से कांवड़ लेने पहुंचे चार युवक तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में बह गए। इनमें तीन युवक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू कराया।
जानकारी के अनुसार नयागांव के करीब 10 लोग पांच बाइकों से रविवार देर रात पांचाल घाट पहुंचे थे। सोमवार सुबह करीब साढ़े चार बजे कुछ युवक उत्तरी बंधा के पास गंगा में स्नान करने उतरे। इसी दौरान योगेश (17), उसके चाचा विकास (25), चचेरे चाचा कमल (23) और गांव का अर्जुन (17) गहरे पानी की ओर चले गए। घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों और साथियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में चारों तेज बहाव में बह गए।
परिवारों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी गांव पहुंचते ही परिजनों में मातम छा गया। योगेश हाईस्कूल का छात्र था, जबकि विकास और कमल पढ़ाई के साथ परिवार की मदद करते थे।
एनडीआरएफ और गोताखोर तलाश में जुटे
पुलिस और प्रशासन ने एनडीआरएफ की टीम तथा स्थानीय गोताखोरों को रेस्क्यू अभियान में लगाया है। तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण तलाश में परेशानी आ रही है। घाट पर सुरक्षा बढ़ाकर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा है।













