संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती पर 20 अगस्त से निकलेगी श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प यात्रा
सिंगरौली, । संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार सिंगरौली जिले में 20 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं कलश रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यात्रा का उद्देश्य संत शिरोमणि रविदास जी के समरसता, सद्भाव एवं सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। यात्रा का शुभारंभ 20 अगस्त को दोपहर 1 बजे घोघरा से होगा। लगभग 20 दिवस तक चलने वाली यह यात्रा जयंत, नौडीहवां, धरौली, कुंदवार, निगरी, झारा, सरई, भैसाबूड़ा, माड़ा, खैराही, खुटार, बरगवां, हर्रहवां, चरगोडा एवं करौटी सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 10 सितंबर को गायत्री मंदिर, बैढ़न में किया जाएगा।यात्रा के दौरान निर्धारित मार्ग में आने वाले प्रमुख स्थलों पर प्रातः 11 बजे जन-संवाद एवं गोष्ठी तथा सायं 5 बजे चौपाल एवं सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता और सद्भाव के संदेश को आमजन तक पहुंचाया जाएगा।
यात्रा को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री जगदीश गोमे के मार्गदर्शन में नगरीय निकायों, जनपद पंचायतों, पुलिस, स्वास्थ्य, जन अभियान परिषद तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को सुरक्षा, यातायात, स्वागत एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं ब्लॉक स्तर पर संबंधित एसडीएम को नोडल अधिकारी बनाया गया है।कलेक्टर ने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों का समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों और अधिक से अधिक नागरिक संत शिरोमणि रविदास जी के समरसता एवं सद्भाव के संदेश से जुड़ सकें।












