वार्ड 40 में जलभराव वाले क्षेत्रों का पार्षद सीमा जायसवाल ने किया निरीक्षण, वैकल्पिक व्यवस्था में जुटा नगर निगम

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच वार्ड क्रमांक 40 में जलभराव की समस्या को देखते हुए पार्षद सीमा जायसवाल ने बुधवार को विभिन्न जलभराव वाले क्षेत्रों जिसमें ताली डीएव्ही रोड का निरीक्षण किया। पार्षद ने ताली बस्ती एवं डीएव्ही रोड सहित अन्य प्रभावित स्थानों का जायजा लेते हुए मौके की स्थिति से संबंधित विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि कई स्थानों पर सड़क में गड्ढे होने के कारण बारिश का पानी जमा हो रहा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को देखते हुए नगर निगम द्वारा फिलहाल गड्ढों एवं जलभराव वाले स्थानों पर गिट्टी-मुरुम डालकर वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा रही है, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके।
पार्षद सीमा जायसवाल ने बताया कि वार्ड के कुछ हिस्सों में नल-जल योजना एवं सीवर का कार्य अभी अधूरा है। निर्माण एजेंसियों द्वारा काम अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण बारिश के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो गई है। जगह-जगह खुदाई एवं अधूरे निर्माण के चलते लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि संबंधित सड़क निर्माण का एस्टीमेट तैयार हो चुका है। नगर निगम में बजट उपलब्ध होते ही और बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क निर्माण का कार्य कराया जाएगा। फिलहाल जलभराव एवं गड्ढों वाले स्थानों पर गिट्टी-मुरुम डालकर लोगों के आवागमन के लिए अस्थायी व्यवस्था की जा रही है।
पार्षद ने कहा कि बारिश के दौरान लोगों को तत्काल राहत दिलाना प्राथमिकता है। साथ ही अधूरे नल-जल एवं सीवर कार्यों को भी संबंधित निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि नगर निगम में बजट की कमी भी विकास कार्यों के सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है। अब देखना होगा जल भराव और यह जो सड़क पर जानलेवा गड्ढे हैं कब तक इन्हें भरने का कार्य किया जाता है











