सरकारी स्कूलों की बदलेगी तस्वीर: शिक्षा विभाग और अडानी फाउंडेशन ने शुरू किया संयुक्त निरीक्षण
7 स्कूलों में सामने आईं बुनियादी सुविधाओं की कमियां

सिंगरौली। जिले के शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में शिक्षा विभाग और अडानी फाउंडेशन ने संयुक्त पहल शुरू की है। इसी क्रम में बुधवार को देवसर विकासखंड के संकुल केंद्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिननुड़जी के अंतर्गत आने वाले शासकीय प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूलों का संयुक्त भ्रमण कर विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं और अधोसंरचना की स्थिति का जायजा लिया गया।
भ्रमण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी, सिंगरौली तथा अडानी फाउंडेशन के सीएसआर प्रमुख एवं ग्रामीण जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालयों की जरूरतों के आधार पर भवन, शौचालय, बिजली, पेयजल, फर्नीचर, बाउंड्रीवॉल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति देखी गई।
सात विद्यालयों में सामने आईं प्रमुख जरूरतें
निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तिननुड़जी में टॉयलेट रिपेयरिंग, छत एवं फर्श की मरम्मत, विद्युतीकरण, वाटर कूलर और कक्षाओं में इंटरएक्टिव पैनल की आवश्यकता सामने आई।शासकीय प्राथमिक विद्यालय देवरा में शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, विद्युतीकरण, अतिरिक्त फर्नीचर, पेयजल व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर की बाउंड्रीवॉल की जरूरत बताई गई।शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय तलवा में शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, विद्युतीकरण, अतिरिक्त फर्नीचर, पेयजल व्यवस्था, अतिरिक्त विद्यालय भवन तथा बाउंड्री के लिए चेन फेंसिंग की आवश्यकता चिन्हित की गई।वहीं शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय उज्जैनी में बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय, छत की मरम्मत, विद्युतीकरण, अतिरिक्त फर्नीचर, पेयजल व्यवस्था एवं बाउंड्रीवॉल की आवश्यकता सामने आई।शासकीय हाई स्कूल उज्जैनी में इंटरएक्टिव पैनल, अतिरिक्त शौचालय, बालक-बालिकाओं के लिए पृथक व्यवस्था, छत की मरम्मत, विद्युतीकरण और सोलर पैनल की जरूरत बताई गई।इसी तरह शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय मझौली में अतिरिक्त शौचालय, बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था, छत की मरम्मत एवं विद्युतीकरण तथा शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय पचौर में अतिरिक्त शौचालय, पृथक शौचालय व्यवस्था, छत की मरम्मत एवं विद्युतीकरण की आवश्यकता चिन्हित की गई।
प्राथमिकता के आधार पर होंगे आवश्यक कार्य
शिक्षा विभाग एवं अडानी फाउंडेशन के सीएसआर के संयुक्त प्रयास से विद्यालयों की चिन्हित मूलभूत आवश्यकताओं का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्य कराए जाने की दिशा में पहल की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होने के साथ ही विद्यालयों में स्वच्छ, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।











