बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनसीएल दुद्धीचुआ की लापरवाही से अंबेडकर नगर में घुसा बाढ़ का पानी, घरों-वाहनों को भारी नुकसान

सिंगरौली। लगातार हो रही बारिश के बीच अंबेडकर नगर क्षेत्र में बाढ़ का पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा। कई घरों में पानी भर जाने के साथ लोगों की कारें और बाइक भी पानी में डूब गईं। अचानक आई बाढ़ की स्थिति से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।

स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि NCL दुद्धीचुआ की ओर से जल निकासी एवं पानी के बहाव को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जाने के कारण क्षेत्र में यह स्थिति निर्मित हुई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाती तो रिहायशी क्षेत्र में पानी का प्रवेश रोका जा सकता था।

बारिश के दौरान पानी का तेज बहाव अंबेडकर नगर की ओर पहुंचा, जिससे कई घर प्रभावित हुए। घरों में पानी भरने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचने के साथ ही सड़क किनारे खड़े वाहन भी इसकी चपेट में आ गए। प्रभावित परिवारों ने नुकसान का आकलन कर राहत एवं उचित मुआवजे की मांग उठाई है।

रहवासियों का सवाल है कि यदि खदान क्षेत्र से निकलने वाले पानी की निकासी के लिए बनाई गई व्यवस्था इतनी बड़ी मात्रा में पानी को नियंत्रित नहीं कर पा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? लोगों ने NCL प्रबंधन से जल निकासी व्यवस्था की तत्काल समीक्षा, प्रभावित क्षेत्र का सर्वे और नुकसान की भरपाई की मांग की है।

मामले को लेकर अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि अंबेडकर नगर में बाढ़ के पानी से हुए नुकसान की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? स्थानीय लोगों ने प्रशासन और NCL प्रबंधन से मौके का निरीक्षण कर स्थायी समाधान की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button