एमपी में चार आईएएस के तबादले, भारती ओगरे को उच्च शिक्षा की जिम्मेदारी

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने बुधवार को चार आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें तीन अधिकारियों को अपर सचिव और एक अधिकारी को उप सचिव स्तर की नई जिम्मेदारी दी गई है। सबसे प्रमुख बदलाव 2012 बैच की आईएएस अधिकारी भारती जाटव ओगरे का है। जून में स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ किए जाने के बावजूद ज्वाइन नहीं करने के बाद अब उन्हें उच्च शिक्षा विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) की ओर से जारी आदेश के अनुसार भारती जाटव ओगरे वर्तमान में खनिज साधन विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत हैं। 17 जून को जारी आदेश में उनका तबादला खनिज साधन विभाग से स्कूल शिक्षा विभाग में अपर सचिव के पद पर किया गया था, लेकिन उन्होंने नई पदस्थापना पर ज्वाइन नहीं किया। इसके बाद करीब दो महीने तक वह खनिज साधन विभाग में ही कार्य करती रहीं। अब सरकार ने उनकी नई पदस्थापना उच्च शिक्षा विभाग में कर दी है।
मनीषा सेंतिया को पर्यटन विभाग
2013 बैच की आईएएस अधिकारी मनीषा सेंतिया वर्तमान में गृह विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत थीं। सरकार ने उन्हें अब अपर सचिव, पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी है। पर्यटन विभाग में नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों और निवेश से जुड़े कार्यों को गति देने की चुनौती होगी।
शुचिस्मिता सक्सेना गृह विभाग भेजी गईं
2016 बैच की आईएएस अधिकारी शुचिस्मिता सक्सेना वर्तमान में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत थीं। उन्हें अब उप सचिव, गृह विभाग पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही गृह विभाग में प्रशासनिक स्तर पर जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
प्रतीक्षारत अधिकारी को मिली नई जिम्मेदारी
2017 बैच के आईएएस अधिकारी विवेक कुमार, जो फिलहाल पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे, उन्हें उप सचिव, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग बनाया गया है। उनकी नई जिम्मेदारी ऐसे समय में महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब प्रदेश में सौर और अन्य नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर सरकार का जोर है।
इन अधिकारियों को भी मिला अतिरिक्त प्रभार
इससे पहले राज्य सरकार ने 11 अगस्त को जारी आदेश में अंशुमान राज को प्रबंध संचालक, स्वान के साथ अपर प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक विकास निगम की जिम्मेदारी सौंपी थी।
एक अन्य आदेश में वीएस चौधरी कोलसानी, प्रबंध संचालक, जल निगम एवं अपर सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को अपर सचिव, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था।
ताजा तबादला आदेश के बाद प्रशासनिक स्तर पर विभागों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है। खास तौर पर भारती ओगरे की लगातार दूसरी नई पदस्थापना को लेकर प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है। जून में स्कूल शिक्षा विभाग में पदस्थ किए जाने के बाद अब उन्हें उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।













