बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सीएम हेल्पलाइन शिकायत निराकरण में सिंगरौली पुलिस प्रदेश में नंबर-1

88.06 वेटेज स्कोर के साथ मिली ‘ए’ ग्रेडिंग, एसपी षियाज के.एम. ने टीम को दी बधाई

सिंगरौली। आमजन की शिकायतों के त्वरित और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के मामले में सिंगरौली पुलिस ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सीएम हेल्पलाइन 181 की शिकायतों के निराकरण को लेकर जारी जिलेवार ग्रेडिंग में सिंगरौली पुलिस ने प्रथम समूह में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। जिले को कुल 88.06 वेटेज स्कोर के साथ ‘ए’ ग्रेडिंग मिली है।

यह उपलब्धि पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन श्री गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र श्री हेमंत चौहान के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. के मार्गदर्शन में प्राप्त हुई है।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने सीएम हेल्पलाइन से जुड़ी प्रत्येक शिकायत की स्वयं समीक्षा करते हुए शिकायतकर्ताओं से व्यक्तिगत संवाद किया और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग और प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप जिले ने यह मुकाम हासिल किया।

1211 शिकायतों में 1090 का संतुष्टिपूर्ण निराकरण

माह जुलाई 2026 में पुलिस विभाग से संबंधित कुल 1211 शिकायतें प्राप्त हुई थीं। इनमें से 1090 शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कर रिकॉर्ड कार्यवाही की गई। जिले के महिला थाना ने 100 प्रतिशत स्कोर हासिल किया, जबकि थाना गढ़वा और लंघाडोल ने 95 प्रतिशत तथा अन्य थानों ने 80 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर प्राप्त किया।

पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने बताया कि सीएम हेल्पलाइन शासन की महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन अपनी समस्याएं सीधे शासन तक पहुंचा सकते हैं। पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों का नियमित परीक्षण कर संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों को समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिए जाते हैं।

थाना प्रभारियों और टीम को किया पुरस्कृत

प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सर्वप्रिय सिन्हा, समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं चौकी प्रभारियों, साइबर सेल तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की शिकायत शाखा टीम की सराहना करते हुए सभी को बधाई दी।

उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम का उत्साहवर्धन करते हुए नगद राशि से पुरस्कृत भी किया। एसपी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और भविष्य में भी शिकायतों के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button