बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नशे के लिए मां से पैसे मांगकर मारपीट करने वाला आदतन अपराधी गिरफ्तार, न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा

 

सिंगरौली। जियावन थाना पुलिस ने नशे की लत पूरी करने के लिए अपनी 58 वर्षीय मां से पैसे मांगकर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जिला जेल पचौर भेज दिया। आरोपी के खिलाफ जियावन थाने में पहले से भी मारपीट, गाली-गलौज, बलवा, तोड़फोड़ और आपराधिक धमकी के छह मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को पुलिस चौकी कुंदवार में जगहत निवासी सुबरन सिंह चौहान ने अपने बेटे अजय कुमार सिंह चंदेल उर्फ मनीष (29) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि उसका बेटा शराब, गांजा और कोरेक्स जैसे नशीले पदार्थों का आदी है। 20 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे आरोपी ने नशे के लिए मां से पैसे मांगे। पैसे देने में असमर्थता जताने पर उसने गाली-गलौज करते हुए लाठी और हाथ-मुक्कों से मारपीट की तथा बाल पकड़कर घसीटा।

परिजनों चच्चू सिंह और सुधा सिंह ने बीच-बचाव किया तो आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जियावन पुलिस ने अपराध क्रमांक 548/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जिला जेल पचौर भेज दिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना जियावन में अपराध क्रमांक 153/2020, 005/2022, 138/2024, 340/2024 और 545/2024 समेत पूर्व में पांच मामले दर्ज हैं। वर्तमान मामला मिलाकर उसके खिलाफ कुल छह आपराधिक प्रकरण हो गए हैं।

कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज़ के.एम., अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में हुई। थाना प्रभारी जियावन उपनिरीक्षक शेष नारायण दुबे, प्रधान आरक्षक बंश लाल प्रजापति और आरक्षक लोकेन्द्र सिंह की भूमिका रही। पुलिस ने कहा कि महिलाओं, बुजुर्गों और घरेलू हिंसा से जुड़े मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button