बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

बंधा कोल ब्लॉक प्रभावित क्षेत्र में अनुप सिंह ने फांसी लगाकर दी जान, विस्थापन और मुआवजे को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश

मृतक अनुप सिंह पिता बबन सिंह का आज बैढ़न में होगा पोस्टमार्टम, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की

सिंगरौली। जिले के बंधा कोल ब्लॉक प्रभावित क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय निवासी अनुप सिंह पिता बबन सिंह ने आज फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ही विस्थापितों और प्रभावित ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। मृतक का पोस्टमार्टम आज बैढ़न में कराया जाएगा।

ग्रामीणों का आरोप है कि बंधा कोल ब्लॉक में विस्थापन, मुआवजा और पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी किए बिना कंपनी द्वारा कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रभावित परिवारों में लंबे समय से नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल के दिनों में कंपनी के कार्यों को लेकर ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी थी। ग्रामीणों का आरोप है कि खेतों में कीटनाशक दवाओं के छिड़काव सहित अन्य मामलों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद अनुप सिंह मानसिक रूप से परेशान थे और उन्होंने यह कदम उठा लिया। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

घटना के बाद प्रभावित और विस्थापित ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जांच में कंपनी के किसी अधिकारी, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की लापरवाही अथवा भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना उचित मुआवजा और विस्थापन सुविधा दिए कंपनी द्वारा कार्य किए जाने से प्रभावित परिवारों की समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर प्रभावितों को न्याय दिलाने और उनकी मांगों का समाधान कराने की अपील की है।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही अनुप सिंह की मौत से जुड़े वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Author

Related Articles

Back to top button