जिला प्रशासन, नगर निगम और कंपनियां मिलकर करें क्षेत्र का विकास : पार्षद प्रेम सागर मिश्रा
CSR के माध्यम से सड़क, पानी, सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर हो विशेष ध्यान

सिंगरौली। नगर पालिक निगम सिंगरौली के वार्ड क्रमांक-36 के पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए जिला प्रशासन, नगर निगम, एनटीपीसी, एनसीएल सहित अन्य औद्योगिक संस्थानों को मिलकर कार्य करने की आवश्यकता बताई है। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयास से ही स्थानीय समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है।
पार्षद प्रेम सागर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, सफाई व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सभी संबंधित संस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक कंपनियों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) के तहत गांवों और शहरों के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कंपनियों द्वारा सड़क निर्माण एवं रखरखाव, हर घर तक स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्कूलों और अस्पतालों के विकास, विद्युतीकरण तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे कार्य किए जाने चाहिए।
पार्षद ने कहा कि विकास कार्य केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनकी गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए समय-सीमा में पूरा किया जाना जरूरी है। इससे आमजन को सीधे लाभ मिलेगा और क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं में सुधार होगा।
उन्होंने कहा कि सिंगरौली जैसे औद्योगिक क्षेत्र में प्रशासन और कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल से विकास की गति को और तेज किया जा सकता है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सभी संस्थाओं को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और विकास का लाभ आम नागरिकों तक पहुंच सके।













