मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के तहत सिंगरौली के 99 हितग्राहियों को मिली 2.28 करोड़ की अनुग्रह सहायता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से संबल हितग्राहियों के खातों में अंतरित की अनुग्रह सहायता राशि

सिंगरौली, । मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना के अंतर्गत आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास समत्व से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेशभर के संबल हितग्राहियों के बैंक खातों में अनुग्रह सहायता राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) किया गया।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान सिंगरौली जिले के 99 हितग्राहियों के बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 28 लाख की अनुग्रह सहायता राशि अंतरित की गई। सहायक श्रम आयुक्त, जिला सिंगरौली द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, योजना के तहत जिले में सामान्य मृत्यु के 81 प्रकरणों में 2 लाख प्रति हितग्राही की दर से 1 करोड़ 62 लाख, दुर्घटना में मृत्यु के 16 प्रकरणों में 4 लाख प्रति हितग्राही की दर से 64 लाख तथा आंशिक स्थायी अपंगता के 2 प्रकरणों में 1 लाख प्रति हितग्राही की दर से 2 लाख की सहायता राशि स्वीकृत कर वितरित की गई। संबल योजना के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को कठिन परिस्थितियों में आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराई जाती है।










