देश विदेशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

कपड़ों के बजाय ट्रॉली बैग में ठूंस रखी थीं शराब की बोतलें, घर से मिली बड़ी खेप

घमापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; कार और स्कूटर भी जब्त

जबलपुर। शहर में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के दौरान घमापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने बड़ी खेप पकड़ी है। करिया पाथर क्षेत्र में एक मकान पर दबिश देकर पुलिस ने ट्रॉली बैग और कार्टून में छिपाकर रखी गई बड़ी मात्रा में देशी-विदेशी शराब बरामद की। मौके से दो युवकों को भी गिरफ्तार किया गया है।

घमापुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमरे के अनुसार रक्षाबंधन के दिन मुखबिर से सूचना मिली थी कि करिया पाथर मरघटाई रोड, न्यू बिल्डिंग की पहली मंजिल स्थित दीपक कोरी के घर में आयुष चौधरी ने अवैध बिक्री के लिए शराब छिपाकर रखी है। सूचना पर संयुक्त टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही कमरे में मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान एक ट्रॉली बैग से 50 बोतल और 47 पाव देशी शराब के अलावा रॉयल चैलेंजर की 18 बोतल, मैजिक मोमेंट की 8, एमडी रम की 20, बकार्डी लेमन की 4 और एमडी व्हिस्की की 5 बोतलें मिलीं। इसके अलावा चार कार्टून में 200 पाव देशी शराब बरामद हुई।

पूछताछ में दीपक कोरी ने बताया कि आयुष चौधरी शराब उसके घर लाकर रखता था। आयुष ने पुलिस को बताया कि वह कार और स्कूटर से शराब लाता था। पूछताछ में उसने शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस ने शराब के साथ कार क्रमांक एमपी 20 जेडएस 6533 और ओला स्कूटर एमपी 20 जेडएल 6393 जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Author

Related Articles

Back to top button